साउथ सिनेमा के मशहूर स्टार विजय देवरकोंडा और एक्ट्रेस रश्मिका मंदाना को लेकर बड़ी खबर सामने आ रही है। ताज़ा मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, दोनों ने अपने रिश्ते पर मुहर लगाते हुए सगाई कर ली है। बताया जा रहा है कि हैदराबाद स्थित विजय के घर पर परिवार और करीबी दोस्तों की मौजूदगी में यह प्राइवेट सेरेमनी हुई।
काफी समय से दोनों के बीच रिलेशनशिप की अफवाहें चल रही थीं, लेकिन विजय और रश्मिका ने कभी भी सार्वजनिक तौर पर अपने रिश्ते को स्वीकार नहीं किया। अब खबरें हैं कि दोनों फरवरी 2026 में शादी के बंधन में बंध सकते हैं। हालांकि, अभी तक इस कपल की ओर से आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
सोशल मीडिया पर बढ़ी हलचल
हाल ही में रश्मिका ने दशहरा के मौके पर पारंपरिक लुक में कुछ तस्वीरें सोशल मीडिया पर शेयर की थीं। माथे पर तिलक और साड़ी में उनका यह लुक देखकर फैंस कयास लगाने लगे कि यह उनके इंगेजमेंट से जुड़ा हो सकता है। इन तस्वीरों ने सोशल मीडिया पर चर्चा और भी तेज कर दी है।
फिल्म ‘डियर कॉमरेड’ से बढ़ी नजदीकियां
माना जाता है कि विजय और रश्मिका की नजदीकियां उनकी फिल्म डियर कॉमरेड के दौरान बढ़ीं। इसके बाद कई बार दोनों को डिनर और लंच डेट्स पर साथ देखा गया, जिससे फैंस के बीच अफवाहों को और हवा मिली। हालांकि दोनों सितारों ने हमेशा अपनी निजी जिंदगी को मीडिया से दूर रखा।
करियर फ्रंट
वर्कफ्रंट की बात करें तो विजय देवरकोंडा हाल ही में फिल्म किंगडम में नजर आए थे। वहीं, रश्मिका मंदाना अपनी अपकमिंग फिल्म थम्मा में आयुष्मान खुराना के साथ स्क्रीन शेयर करने जा रही हैं।