भारत में TikTok की वापसी की अटकलों ने सोशल मीडिया पर हलचल मचा दी है। हाल ही में कई यूज़र्स ने दावा किया कि वे ByteDance के स्वामित्व वाली कंपनी की वेबसाइट को एक्सेस कर पा रहे हैं। इसके बाद कयास लगाए जाने लगे कि क्या TikTok पर लगा बैन हट गया है।
हालाँकि, इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (MeitY) के सूत्रों ने साफ किया है कि भारत सरकार ने TikTok पर से बैन हटाने का कोई आदेश जारी नहीं किया है। यानी, ऐप पर प्रतिबंध अब भी जारी है और इस तरह की ख़बरें पूरी तरह भ्रामक हैं।
क्यों लगा था बैन?
जून 2020 में भारत सरकार ने राष्ट्रीय सुरक्षा और डेटा प्राइवेसी को देखते हुए TikTok समेत 59 चीनी ऐप्स पर बैन लगा दिया था। इनमें UC Browser, WeChat और कई अन्य लोकप्रिय ऐप्स भी शामिल थे। सरकार ने कहा था कि ये ऐप्स भारत की संप्रभुता, अखंडता और सुरक्षा के लिए खतरा पैदा कर सकते हैं।
यह फैसला उस समय लिया गया था जब भारत-चीन सीमा तनाव चरम पर था। 2020 के गलवान घाटी संघर्ष के बाद दोनों देशों के रिश्तों में गहरी खटास आ गई थी।
डेटा चोरी के आरोप
आईटी मंत्रालय के अधिकारियों ने उस समय दावा किया था कि कई चीनी ऐप्स यूज़र्स का डेटा चीन के सर्वरों पर भेजते हैं। कुछ ऐप्स पर अश्लील कंटेंट होने और लोकेशन डेटा चोरी करने के भी आरोप लगे थे।
भारत में TikTok की लोकप्रियता
बैन से पहले TikTok भारत में बेहद लोकप्रिय था और करीब 20 करोड़ यूज़र्स इस शॉर्ट वीडियो प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल कर रहे थे। हालांकि, सुरक्षा चिंताओं और डेटा लीक के खतरे को देखते हुए भारत सरकार ने इसे पूरी तरह ब्लॉक कर दिया।
फिलहाल सरकार का रुख साफ है कि TikTok पर बैन जारी रहेगा और ऐसी कोई संभावना नहीं है कि निकट भविष्य में इसे हटाया जाए।