IPL 2025 के एलिमिनेटर मुकाबले में मुंबई इंडियंस ने गुजरात टाइटंस के खिलाफ तीन नए खिलाड़ियों को मौका दिया, जिनमें सबसे चौंकाने वाला नाम रहा 22 वर्षीय ऑलराउंडर राज अंगद बावा का। दीपक चाहर की गैरमौजूदगी में बावा को प्लेइंग 11 में शामिल किया गया। उनके साथ इंग्लैंड के जॉनी बेयरस्टो और रिचर्ड ग्लीसन ने भी एमआई के लिए डेब्यू किया।
राज बावा का क्रिकेट सफर
राज बावा बाएं हाथ के बल्लेबाज और दाएं हाथ के मीडियम फास्ट बॉलर हैं। उन्होंने IPL में अपना डेब्यू 2022 में पंजाब किंग्स के लिए किया था। वे चंडीगढ़ की अंडर-19 टीम से खेल चुके हैं और 2021 एसीसी अंडर-19 एशिया कप व 2022 अंडर-19 वर्ल्ड कप में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं।

अंडर-19 वर्ल्ड कप में शानदार प्रदर्शन
राज बावा ने अंडर-19 वर्ल्ड कप 2022 में भारत की खिताबी जीत में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने टूर्नामेंट में 252 रन बनाए और 9 विकेट चटकाए। इंग्लैंड के खिलाफ फाइनल में उन्होंने 5/31 का बेमिसाल स्पेल फेंका, जिसके लिए उन्हें ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया।
खेल की विरासत से जुड़े बावा
राज बावा का जन्म नवंबर 2002 में हिमाचल प्रदेश के नाहन में हुआ था। वे भारत की 1948 ओलंपिक गोल्ड मेडल हॉकी टीम के सदस्य त्रिलोचन सिंह बावा के पोते हैं। उनके पिता सुखविंदर बावा एक प्रसिद्ध क्रिकेट कोच हैं, जिन्होंने युवराज सिंह जैसे खिलाड़ियों को ट्रेनिंग दी है। राज ने युवराज सिंह से प्रेरित होकर बाएं हाथ से बल्लेबाजी शुरू की और अपनी जर्सी का नंबर भी 12 रखा, जो युवराज के जन्मदिन और दादा के जन्मदिन (दोनों 12 तारीख को) से जुड़ा है।

IPL 2025 में अब तक का सफर
राज बावा को 2022 के आईपीएल ऑक्शन में पंजाब किंग्स ने 2 करोड़ रुपये में खरीदा था, लेकिन उन्हें केवल दो मैचों में मौका मिला। IPL 2025 के लिए मुंबई इंडियंस ने उन्हें 30 लाख रुपये में टीम में शामिल किया।
राज अंगद बावा एक प्रतिभाशाली युवा खिलाड़ी हैं जिनके पास भारत के लिए एक बड़ा सितारा बनने की क्षमता है। अंडर-19 स्तर पर उनकी सफलता और अब मुंबई इंडियंस के लिए मिला यह मौका निश्चित रूप से उनके करियर को एक नई दिशा देगा।