कोलकाता डॉक्टर हत्याकांड के मामले ने ऊंचाहार में भी तूल पकड़ लिया है। सोमवार को अंजली मौर्या (पूर्व प्रत्याशी 183,विधानसभा ऊँचाहार) ने लोगों के साथ मिलकर श्रद्धांजलि पोस्टर लेकर कैंडिल मार्च निकाला एवं पुण्यात्मा की शान्ति की प्रार्थना की तथा सरकार से रेप और हत्या के आरोपियों को जल्द से जल्द सज़ा दिलाए जाने की मांग की.
विधानसभा ऊँचाहार में अंजली मौर्या के साथ दर्जनों लोग शाम को अपने अपने घरों से बाहर निकल आए। उनके हाथ में पीड़ित परिवार को जल्द इंसाफ दिए जाने की मांग वाले पोस्टर बैनर थे। सभी ने महिला ट्रेनी डॉक्टर के साथ हुई वीभत्स व अमानवीय कृत्य के विरोध में कैंडिल मार्च निकालकर पुण्यात्मा की शान्ति की प्रार्थना की और पीड़िता के परिजनों को न्याय दिलाए जाने की अपील की।
कोलकाता डॉक्टर हत्याकांड: अंजली मौर्या ने सरकार से की मांग
अंजली मौर्या ने कहा कि वह कोलकाता रेप कांड में मौत के घाट उतारी गई डॉक्टर के आरोपियों को सज़ा और पीड़ित परिवार को इंसाफ दिलाने की आवाज उठाने एकत्रित हुए है। उनकी सरकार से मांग है कि केंद्र की सरकार रेप जैसे जघन्य आपराधिक मामले में सख्त कानून तैयार करें। जिसमें आरोपी को जल्द सज़ा दिलाई जा सके। इस तरह के लोगों को समाज में खुले घूमने से महिलाएं बेटियां हमेशा असुरक्षित रहेगी।

क्या है कोलकाता डॉक्टर हत्याकांड
दरअसल, कोलकाता के लाल बाजार स्थित आरजी कर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में जूनियर डॉक्टर के साथ दुष्कर्म के बाद उसकी हत्या कर दी गई। मृतक मेडिकल कॉलेज के चेस्ट मेडिसिन विभाग के एमए सेकेंड ईयर की छात्रा व ट्रेनी डॉक्टर थी। जूनियर डॉक्टर 8 अगस्त को अस्पताल में रात की ड्यूटी कर रही थी। रात 12 बजे के बाद उसके दोस्तों के साथ डिनर भी किया। इसके बाद महिला डॉक्टर का कोई पता नहीं चला। सुबह मेडिकल कॉलेज की चौथी मंजिल पर बने सेमिनार हॉल में डॉक्टर का अर्धनग्न अवस्था में लाश मिली।
शव के पास उसका मोबाइल, लैपटॉप बरामद किया गया। शव के पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में महिला डॉक्टर के साथ दुष्कर्म की पुष्टि हुई। जूनियर डॉक्टर की दुष्कर्म के बाद हत्या का मामला राष्ट्रीय मुद्दा बन चुका है। पूरे देश में डॉक्टर हड़ताल पर हैं। कोलकाता समेत पूरे देश में प्रदर्शन हो रहे हैं। वहीं कोलकाता हाईकोर्ट के निर्देश के बाद सीबीआई ने घटना की जांच शुरू कर दी है।