बदायूं के सिविल लाइंस इलाके में ईद की नमाज सड़क पर अदा किए जाने के मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। मुकदमे में 16 लोग नामजद हैं। जबकि बाकी 34 लोग अज्ञात दिखाए गए हैं। इन सभी पर गलत तरीके से रास्ता रोकने समेत सरकारी आदेशों का उल्लंघन करने की धारा लगाई गई है।
भास्कर के अनुसार थाना सिविल लाइंस में दर्ज मुकदमे में वादी शेखूपुर चौकी प्रभारी एसआई राजीव चौहान बने हैं। मुकदमे के मुताबिक ईद के त्योहार पर उनकी ड्यूटी क्लस्टर मोबाइल पर लगी थी। उनके साथ दो सिपाही हमराही में भी थे। वह पूरे क्षेत्र का भ्रमण करते हुए ईद की नमाज सकुशल संपन्न कराने के लिए भ्रमण पर थे।
वह जब क्लस्टर मोबाइल के साथ अपने निजी वाहन से शेखूपुर ईदगाह पर पहुंचे तो देखा कि 40-50 लोग ईदगाह के पास सार्वजनिक मार्ग को अवरोध कर रोड पर ही नमाज पढ़ रहे हैं। उन्होंने नमाज के बाद वहां मौजूद लोगों की पहचान की। जिसमें 16 लोगों के नाम पतों की ही जानकारी हो सकी। उन्होंने इसी आधार पर सिविल लाइंस थाने में केस दर्ज किया गया है।
बदायूं में इनके खिलाफ लिखा गया मुकदमा
मुकदमे में शेखूपुर निवासी रहीश उर्फ लल्ला, भदाले, पप्पू कुरैशी, सलमान, मुन्ने टायर वाला, सालिम, उवैश, नन्हा, असलम, सगीर, जावेद, भूरे, नदीम, शाहरुख, नईम, अकरम सलमानी का नाम शामिल है। जबकि बाकी के लोग अज्ञात दिखाए गए हैं।