घटना हापुड़ जिले के देवीपुरा निवासी शोभित सिंहल की स्क्रैप फैक्ट्री में शुक्रवार रात की है। फैक्ट्री में चौकीदारी का काम राजेश नामक युवक कर रहा था। पांच नकाबपोश बदमाशों ने रात के समय फैक्ट्री में घुसकर चौकीदार को हथियारों के बल पर बंधक बना लिया। इसके बाद बदमाशों ने चौकीदार के साथ मारपीट भी की और शोर मचाने पर उसे जान से मारने की धमकी दी।
बदमाशों ने फैक्ट्री के स्टोर रूम को खोलवाकर वहां रखा लगभग 20 लाख रुपये का तांबा लूट लिया और फरार हो गए।
शनिवार सुबह करीब 5 बजे फैक्ट्री पर दूसरा चौकीदार करण सिंह पहुंचा, तो उसने देखा कि गेट खुला हुआ था। अंदर जाकर देखा तो राजेश घायल अवस्था में पड़ा था। करण ने तुरंत फैक्ट्री के मालिक शोभित सिंहल को वारदात के बारे में सूचित किया, और फिर पुलिस को जानकारी दी गई। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन बदमाशों का कोई पता नहीं चल सका।

आईजी का निरीक्षण
मेरठ रेंज के आईजी नचिकेता झा ने रात के समय घटनास्थल का निरीक्षण किया और इस मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधिकारियों को जल्द अपराधियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। आईजी के साथ एसपी ज्ञानंजय सिंह, एएसपी विनीत भटनागर और सीओ जितेंद्र शर्मा भी मौके पर मौजूद रहे।