उन्नाव में आज पुलिस भर्ती परीक्षा देने पहुंची गर्भवती महिला की डिलीवरी हो गई। महिला पेपर दे रही थी, तभी अचानक उसे दर्द हुआ। उसने ड्यूटी पर तैनात शिक्षकों को बताया तो उसे आनन फानन में अस्पताल भिजवाया गया, जहां अस्पताल के गेट पर प्रसव हो गया। उसने बेटी को जन्म दिया। इसके बाद डॉक्टरों ने उसे वार्ड में एडमिट किया। फिलहाल जच्चा-बच्चा दोनों स्वस्थ हैं।
दैनिक भास्कर कि रिपोर्ट के अनुसार बीघापुर पाटन क्षेत्र की रहने वाली अभ्यर्थी सुनीता शुक्लागंज में कंचन नगर स्थित महर्षि दयानंद सरस्वती मिशन इंटर कॉलेज में पहली पाली की परीक्षा देने पहुंची थीं। 10 बजे से शुरू हुई परीक्षा में कुछ देर बाद ही अचानक गर्भवती होने के चलते उन्हें दर्द उठा। उन्होंने ड्यूटी कर रहे शिक्षकों को जानकारी दी। शिक्षकों ने तत्काल उन्हें राजधानी मार्ग स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया।
जहां अस्पताल के गेट पर ही महिला ने बच्ची का प्रसव हो गया, उसने एक बच्ची को जन्म दिया। ये देख अस्पताल में मौजूद स्वास्थ्य कर्मियों में हड़कंप मच गया। जिस समय महिला अस्पताल पहुंची थी, उस समय कोई भी महिला स्वास्थ्य कर्मी अस्पताल में मौजूद नहीं थी। पुरुष स्वास्थ्य कर्मियों ने किसी तरह महिला को स्ट्रेचर से प्रसव रूम पहुंचाया। जहां अस्पताल में मौजूद ट्रेनी महिला स्वास्थ्य कर्मी ने जच्चा बच्चा को संभाला। तब जाकर स्टाफ ने राहत की सांस ली।

सितंबर में हो चुकी है पति की मौत
परिजनों के मुताबिक, महिला अभ्यर्थी सुनीता के पति दीपू की सितंबर 2023 में एक्सीडेंट में मौत हो चुकी हैं। उस समय सुनीता 4 महीने की प्रेग्नेंट थीं। फिलहाल डॉक्टरों का कहना है कि जच्चा बच्चा दोनों स्वस्थ हैं उनका बेहतर उपचार और ध्यान रखा जा रहा है। सुनीता ने बताया कि मैंने अपनी बेटी का नाम आराध्या रख दिया है।